कुचामन सिटी: आरयूआईडीपी के तहत संचालित सीवरेज एवं जलप्रदाय परियोजना के अंतर्गत शहर में लगाए जा रहे पेयजल मीटरों और वॉल्वों की चोरी का मामला सामने आया है।


स्टेशन रोड क्षेत्र में एक व्यक्ति को पानी के मीटर उतारते हुए लोगों ने पकड़ लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। लोगों ने आरोपी को पकड़कर परियोजना अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

परियोजना अधिकारी मोहम्मद अब्दुल शेख ने बताया कि आरोपी अजमेर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। अभी पकड़े गए व्यक्ति के पास से कुल 10 पेयजल मीटर बरामद किए गए हैं, जिन्हें वह थैले में डालकर ले जाने की तैयारी में था। उन्होंने बताया कि कुचामन शहर में पिछले करीब तीन वर्षों से आरयूआईडीपी एवं एलएंडटी द्वारा घर-घर नल कनेक्शन और पेयजल मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा लगाए जा रहे ये मीटर काफी महंगे हैं। एक मीटर की कुल स्थापना लागत लगभग 1400 रुपए के आसपास आती है।
अधिकारी ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड क्षेत्र में एक व्यक्ति पानी के मीटर उतारकर ले जा रहा है। सूचना मिलने पर विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इससे पहले स्थानीय लोगों ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया था। उसके पास से कई मीटर बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को कुचामन थाने लाया गया तथा विभाग की ओर से उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।

उन्होंने बताया कि पिछले काफी समय से शहर के विभिन्न क्षेत्रों से यह शिकायतें मिल रही थीं कि घरों के बाहर लगे पानी के मीटर गायब हो रहे हैं। कई लोगों ने विभाग से संपर्क कर पूछा था कि कहीं विभाग के कर्मचारियों द्वारा तो मीटर नहीं हटाए गए हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने लोगों को जागरूक करते हुए अपील की थी कि यदि कोई व्यक्ति मीटरों के साथ छेड़छाड़ करता दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें।
पिछले तीन महीनों में 50 से अधिक मीटर चोरी
विभाग के अनुसार पिछले करीब तीन महीनों में शहर के अलग-अलग हिस्सों से 50 से अधिक पानी के मीटर चोरी हो चुके हैं। अन्य क्षेत्रों से भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही चोरियों से लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि मीटर चोरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान तो हो ही रहा है, साथ ही पानी की भी भारी बर्बादी हो रही है।
पुलिस कर रही जांच
थानाधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि एलएंडटी विभाग की ओर से रिपोर्ट दी गई है तथा एक व्यक्ति को चोरी करते हुए पकड़ा गया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उसके अन्य साथियों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि उसने किन-किन स्थानों से मीटर उतारे हैं।
अब चोरी हुए मीटरों की भरपाई कौन करेगा?
इस संबंध में परियोजना अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों के मीटर चोरी हुए हैं, उनके मामलों में पुलिस जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीडवाना-कुचामन में 18 जून से 8 जुलाई तक सुरक्षा जवान व सुपरवाइजर भर्ती शिविर






