नावां सिटी. मध्यप्रदेश के रीवा में जैन साध्वियों के साथ हुई दर्दनाक घटना के विरोध में तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग को लेकर सकल दिगंबर जैन समाज, नावां सिटी द्वारा सोमवार को एक विशाल शांतिपूर्ण मौन रैली का आयोजन किया गया।


रैली से पूर्व समस्त जैन समाज नावां, मारोठ एवं मीठड़ी के जैन समाज के लोग नगर के पीपली बाजार स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में एकत्रित हुए, जहां विनयांजलि सभा का आयोजन किया गया।

सभा में समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने रीवा की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए अपने विचार रखे तथा भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इस पर गंभीर चर्चा की गई। अंत में 2 मिनट का मौन रखकर सामूहिक रूप से 9 बार णमोकार मंत्र का जाप किया गया।
इसके पश्चात जैन समाज के सभी लोग पूर्णतः शांतिपूर्वक एवं अनुशासन के साथ दो-दो की पंक्तियों में हाथों में स्लोगन लिए हुए अहिंसा का संदेश देते हुए रैली में शामिल हुए। यह मौन रैली श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, पुराना बस स्टैंड एवं चौराहा होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंची।

तहसील कार्यालय पहुंचकर समाज के प्रतिनिधियों द्वारा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें रीवा (मध्यप्रदेश) में जैन साध्वियों की निर्मम हत्या की घटना से अवगत कराते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की गई। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु कठोर कानून बनाए जाने एवं पद विहार करने वाले सभी साधु-संतों एवं साध्वियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए जाने की मांग रखी गई।
इसके साथ ही ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन केवल जैन समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के विभिन्न नगरों एवं गांवों में सम्पूर्ण जैन समाज द्वारा मौन रैली के माध्यम से सरकार एवं प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की जा रही है।
इस रैली की विशेषता यह रही कि सभी पुरुष वर्ग सफेद वस्त्रों में एवं महिलाएं केसरिया साड़ी में सम्मिलित हुईं। साथ ही मौन विरोध स्वरूप सभी ने अपने हाथों में काला धागा बांध रखा था।
सम्पूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्वक एवं अनुशासनपूर्वक सम्पन्न हुआ।
कुचामन सिटी: संतों की सुरक्षा को लेकर जैन समाज का मौन जुलूस, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन






