कुचामन सिटी. समीपवर्ती ग्राम सुजानपुरा स्थित खाकी बाबा मंदिर परिसर में सोमवार को संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।


कथा के पहले ही दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही कथा पंडाल में भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। महिलाओं और युवाओं की विशेष भागीदारी ने आयोजन को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। पूरा परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

कथावाचक पंडित संजय कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, धर्म की महत्ता तथा मानव जीवन में संस्कारों की आवश्यकता पर विस्तार से प्रवचन दिए। उन्होंने श्रीमद्भागवत कथा की महिमा बताते हुए कहा कि धर्म और संस्कार ही मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। कथा के दौरान श्रद्धालु भजनों एवं संकीर्तन में भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
कथा स्थल को आकर्षक फूलों की सजावट से भव्य रूप दिया गया है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की गई हैं। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। जैसे-जैसे कथा आगे बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है।


समाजसेवी परसाराम बुगालिया ने कहा कि आज के दौर में धार्मिक आयोजन लोगों को मानसिक शांति, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। ग्रामीणों एवं मातृशक्ति का मिल रहा सहयोग पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
गौरतलब है कि संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन आगामी 23 मई तक किया जाएगा, जबकि 24 मई को हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा।






