नावां में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है।


प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन पीहर पक्ष की शिकायत के बाद अब इसे हत्या का मामला मानते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

भाई का आरोप : – हत्या कर शव को फंदे से लटकाया
मृतका के भाई नवीन ने बताया कि निकिता पुत्री रामअवतार मीणा उसकी बुआ की बेटी (बहन) है। उन्होंने ही उसका लालन-पालन किया। आरोप लगाया कि निकिता की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उनका कहना है कि निकिता के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जो इस घटना को संदिग्ध बनाते हैं।
3 साल पहले हुई थी शादी, ससुराल में चल रहा था विवाद
परिजनों के अनुसार – निकिता की शादी 2 मई 2023 को लूणवा निवासी महावीर मीणा से हुई थी। पति ड्राई फ्रूट का कारोबार करता है और गांवों में सप्लाई का काम करता है।

भाई का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति के सट्टेबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिली जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होता था। ससुराल पक्ष द्वारा निकिता को प्रताड़ित किया जा रहा था।
फोन कर दी आत्महत्या की सूचना, रास्ते में मौत
भाई नवीन के अनुसार मंगलवार शाम ससुराल पक्ष से फोन आया कि निकिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है और उसकी हालत गंभीर है। उसे इलाज के लिए जयपुर ले जाया जा रहा है। हालांकि, जयपुर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई :- पति समेत 5 लोगों पर मामला दर्ज
कुचामन सीओ मुकेश चौधरी ने बताया कि मृतका के भाई की रिपोर्ट के आधार पर पति, जेठ-जेठानी और सास-ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
शव का पोस्टमॉर्टम नावां उपजिला अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से करवाया जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
निकिता अपने पीछे एक साल की बेटी को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, वहीं पीहर पक्ष न्याय की मांग कर रहा है।
कुचामन में सुबह से मतदान, बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव जारी






