कुचामन सिटी के सीकर रोड स्थित कुम्हारों के मोहल्ले में सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर समस्या सामने आई है। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की है कि उनके क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई नहीं की जा रही है, जिसके कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है।


मोहल्लेवासियों के अनुसार नालियां कचरे से पूरी तरह भरी पड़ी हैं और सड़कों पर कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं। इस गंदगी के चलते क्षेत्र में मच्छरों और मक्खियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।

बिगड़ते हालात को देखते हुए मोहल्ले की कई महिलाएं आज नगर परिषद पहुंचीं। जहां उन्होंने अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।
स्थानीय निवासी गोपाल प्रजापत ने बताया कि होली के बाद से ही सफाई कर्मचारी और कचरा उठाने वाले मोहल्ले में नहीं आ रहे हैं, जिससे स्थिति और खराब होती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित सफाई करवाई जाए और कूड़ा उठाने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर परिषद के काम अब न्यायालय के सहारे
गौरतलब है कि यह समस्या केवल एक मोहल्ले तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि पूरे शहर में फैल चुकी है। कई स्थानों पर सफाईकर्मी नालियों से कचरा निकालकर उसे सड़क किनारे ही छोड़ देते हैं, जिससे गंदगी और अधिक फैलती है, वहीं उसे उठाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं होती।
संबंधित अधिकारियों द्वारा समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। जिन मुद्दों पर नगर परिषद को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए, उनके लिए आम जनता को अब न्यायालय का सहारा लेना पड़ रहा है। न्यायालय के निर्देशों के बाद ही अधिकारी सक्रिय होते नजर आते हैं, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।






