कुचामन सिटी. क्षेत्र में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए सफाईकर्मियों के ड्यूटी समय में बदलाव की मांग उठाई गई है।


इस संबंध में उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन देकर कहा गया है कि नगर परिषद क्षेत्र में कार्यरत स्थाई एवं अस्थाई सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य हित में आवश्यक कदम उठाए जाएं।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में सफाईकर्मियों को दो शिफ्टों में कार्य करना पड़ रहा है, जिसमें पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे से 11 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। दोपहर की शिफ्ट के दौरान तेज धूप और अत्यधिक गर्मी अपने चरम पर होती है, जिससे खुले में कार्य करने वाले सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। लू लगने और बीमार होने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं।
इस स्थिति को गंभीर बताते हुए मांग की गई है कि सफाईकर्मियों से केवल सुबह की शिफ्ट (सुबह 6 बजे से 11 बजे तक) में ही कार्य लिया जाए, ताकि वे भीषण गर्मी से बच सकें और सफाई व्यवस्था भी सुचारू रूप से बनी रहे। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की भी मांग की गई है।

यह ज्ञापन अनुसूचित जाति मोर्चा, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौतम चंदेलिया द्वारा सौंपा गया।






