कुचामन सिटी. पीएम श्री जवाहर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज करियर काउंसलिंग विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर सहायक आचार्य डॉ. मोना अग्रवाल (राजकीय महाविद्यालय, नावां) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वाणिज्य, व्यापार, अर्थशास्त्र, आयकर, जीएसटी, बैंकिंग, शिक्षण एवं सांख्यिकी जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध अपार करियर संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

डॉ अग्रवाल ने बताया कि वाणिज्य का विद्यार्थी घर पर बैठकर लाखों कमा सकता है, बशर्ते है कि उसने इस विषय को पूर्ण मनोयोग से पढ़ा हो।
डॉ. अग्रवाल ने विद्यार्थियों को अपने रुचि क्षेत्र की पहचान कर उसी दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि सही मार्गदर्शन और परिश्रम से हर विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अच्छी पुस्तकें पढ़नी चाहिए पुस्तकों का कोई भी विकल्प नहीं है ना ऑनलाइन, ना किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मंजू चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जैसे एक बगुला गहरे पानी में मछली पकड़ने के लिए ध्यानपूर्वक खड़ा रहता है तथा मछली दिखते ही लपक लेता है, उसी प्रकार विद्यार्थियों को भी अपने करियर से जुड़े हर प्रकार के ज्ञान को आत्मसात करने के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए।
उप-प्रधानाचार्य डॉ. भंवर लाल गुगड़ ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “हर उपलब्धि अनुराग मांगती है, हर सफलता त्याग मांगती है। जीवन में ऊँचाइयाँ यूँ ही नहीं मिलतीं, हर मंजिल परिश्रम का राग मांगती है।”
उन्होंने विद्यार्थियों से कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। वाणिज्य व्याख्याता मुकेश कुमार गावड़िया ने वाणिज्य को अपने जीवन दर्शन के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में प्रभारी मोनिका चौधरी और सीमा महोलिया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कुचामन सिटी: सीवरेज व सड़कों की खराब गुणवत्ता पर लोक अदालत सख्त, एजेंसियों को शीघ्र सुधार के निर्देश






