कुचामन सिटी. ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव को लेकर सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों पर भारत में गैस सिलेंडर की किल्लत होने संबंधी अफवाहें फैलाई जा रही हैं।


इसको लेकर कुचामन सिटी स्थित बाबा रामदेव गैस एजेंसी के संचालक बंसीलाल कांसोटिया ने स्थिति स्पष्ट की है।

बंसीलाल कांसोटिया ने बताया कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है। कंपनी पर्याप्त मात्रा में एलपीजी की आपूर्ति कर रही है। लेकिन पैनिक बुकिंग के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। पहले लगभग 600 बुकिंग हुआ करती थीं जबकि अब करीब 700 तक बुकिंग हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि अब 25 दिन बाद बुकिंग हो रही है। पहले डिलीवरी मैन बुकिंग करते ही तुरंत सिलेंडर दे देता था। लेकिन अब उपभोक्ताओं को पहले बुकिंग करवानी पड़ेगी। मैसेज, कॉल और मोबाइल ऐप के माध्यम से भी बुकिंग कराई जा सकती है। फिलहाल सर्वर डाउन की थोड़ी समस्या आ रही है। लेकिन एक बार बुकिंग हो जाने के बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में कुछ कमी जरूर आई है। हालांकि जो स्कूल और संस्थाएं पंजीकृत हैं उन्हें पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति की जा रही है। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किसी भी प्रकार के कॉमर्शियल कार्य में न करें और घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल केवल घर के उपयोग के लिए ही करें।
कुचामन सिटी में घरेलू गैस की कालाबाजारी पर कार्रवाई, 6 दुकानों से 49 सिलेंडर जब्त






