नावां: सेवन डेज स्मार्ट एकेडमी में आज विज्ञान दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना से हुई।


इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विभिन्न विज्ञान प्रयोग प्रस्तुत किए तथा आकर्षक साइंस मॉडल्स के माध्यम से वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया।

विद्यार्थियों ने अपनी प्रैक्टिकल फाइल्स के जरिए यह भी प्रदर्शित किया कि वैज्ञानिक आरेख (डायग्राम) को किस प्रकार विस्तार से समझाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने तीन राउंड सफलतापूर्वक पूरे कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पहले राउंड में विज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। दूसरे राउंड में पिक्चर शो और साइंस वर्ड अंताक्षरी आयोजित की गई, जबकि तीसरे राउंड में “वन मिनट गेम” के माध्यम से खेल-खेल में विज्ञान से जुड़े प्रश्नों का ज्ञान दिया गया। प्रतियोगिता में विजेता टीम को सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रबंधक लकी गौड़ ने बताया कि इस प्रकार की क्विज प्रतियोगिताएं बच्चों के मस्तिष्क को नई दिशा में सोचने के लिए प्रेरित करती हैं और वे खेल-खेल में बहुत कुछ सीख जाते हैं। उन्होंने कहा कि मॉडल्स एवं प्रयोगों के माध्यम से बच्चों की रचनात्मकता विकसित होती है और वे विज्ञान को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं।
इस अवसर पर महान वैज्ञानिक ए. पी. जे. अब्दुल कलाम के जीवन और योगदान के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। विद्यालय प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इसी प्रकार की ज्ञानवर्धक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास निरंतर होता रहे।






