कुचामन सिटी. राजस्थान दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर में कायड़ विश्रामस्थली में आयोजित सभा से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी (Human Papillomavirus) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की।


प्रधानमंत्री द्वारा अजमेर से शुभारंभ किए गए इस अभियान के तहत कुचामन सिटी में भी आज शनिवार से एचपीवी वैक्सीनेशन प्रारंभ हो गया है। शहर के जिला अस्पताल कुचामन सिटी में निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका लगाया जा रहा है।
एचपीवी एक ऐसा वायरस है जिसके कुछ प्रकार गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर का मुख्य कारण बनते हैं। समय पर वैक्सीनेशन से भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता है।

अस्पताल प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को जिला अस्पताल लाकर नि:शुल्क एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।






