कुचामन सिटी. पुलिस ने ठगी, अवैध हथियार और प्रतिबंधित वन्यजीवों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आज अल सुबह एरिया डोमिनेशन के तहत सर्च व कॉर्डन ऑपरेशन चलाया।


चिन्हित क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया गया। कार्रवाई में कई वाहन, मोबाइल, अवैध हथियार और प्रतिबंधित प्रजाति का स्टार कछुआ बरामद हुआ। इस दौरान 5 आरोपियों को डिटेन किया गया।

पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन ऋचा तोमर (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा (रा.पु.से.) एवं वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी (रा.पु.से.) के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी पुलिस थाना कुचामन शहर सतपाल सिंह (पु.नि.) व सर्किल पुलिस बल द्वारा आज 4 जनवरी 2026 को अल सुबह एरिया डोमिनेशन के तहत कार्रवाई की गई।
दरअसल फील्ड इंटेलिजेंस से सूचना मिली थी कि कुचामन के चिन्हित क्षेत्रों में कुछ व्यक्ति लोगों को ब्याज पर रुपए देने के नाम पर ठगी कर रहे हैं तथा प्रतिबंधित व दुर्लभ प्रजाति के स्टार कछुए को चमत्कारिक बताकर व्हाट्सएप पर फोटो/वीडियो दिखाकर लोगों को ठगते हैं।

इस सूचना के आधार पर पुलिस थाना कुचामन सिटी, चितावा, नावां व मारोठ की कुल 10 टीमों का गठन कर 50 से अधिक पुलिसकर्मियों द्वारा सर्च व कॉर्डन की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस एक्ट की धारा 38 के तहत कुल 15 वाहन जब्त किए गए। जिनमें 13 मोटरसाइकिल, एक बोलेरो गाड़ी व एक कैंपर गाड़ी शामिल हैं। साथ ही मोबाइल भी जब्त किए गए। इस दौरान 5 व्यक्तियों को डिटेन किया गया।

दुर्लभ स्टार कछुए की आड़ में चल रहा था ठगी का खेल
वाईल्ड लाइफ एक्ट के तहत मुलजिम मंच्छाराम से प्रतिबंधित प्रजाति का स्टार कछुआ बरामद किया गया। जिस पर प्रकरण वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया। बरामद स्टार कछुए को वन विभाग के अधिकारियों को सुपुर्द किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस कछुए को दुर्लभ व चमत्कारिक बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
इसी कार्रवाई में आर्म्स एक्ट के तहत मुलजिम मंगतुराम (60) पुत्र छोटूराम साठिया निवासी कुचामन सिटी के कब्जे से अवैध धारदार हथियार तलवार बरामद की गई।
ब्याज पर पैसे देने के नाम पर भोले-भाले लोगों से ठगी
साथ ही ब्याज पर रुपए देने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भी खुलासा हुआ। आरोपी मच्छाराम साठिया द्वारा राजेन्द्र चौधरी निवासी कबीर नगर (अजमेर) को 20 लाख रुपए ब्याज पर देने का झांसा देकर एडवांस में 60 हजार रुपए लेकर ठगी करने के मामले में केस दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के लोग भोले-भाले लोगों को ब्याज पर रुपए देने का झांसा देकर, प्रतिबंधित स्टार कछुए को चमत्कारिक बताकर, दूसरे की जमीन व प्लॉट को अपना बताकर तथा पशुओं की सौदेबाजी के नाम पर ठगी करते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मदन पुत्र भंवर लाल निवासी रूपनगढ़ जिला अजमेर, मंच्छाराम पुत्र जोगाराम निवासी कुचामन सिटी, तुलछीराम पुत्र मंगतुराम निवासी कुचामन सिटी, श्रवण राम पुत्र मांगी लाल निवासी रिया जिला नागौर, मंगतुराम पुत्र छोटूराम निवासी कुचामन सिटी शामिल हैं।
पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों के संबंध में भी अनुसंधान जारी है।
कुचामन सिटी: श्री जाल वाले बालाजी मंदिर में पौष बड़ा महोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न






