कुचामन सिटी. महाविद्यालय में संचालित एनसीसी के कैडेट्स ने एक बार फिर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। पिछले तीन वर्षों से लगातार गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कर्त्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली आरडीसी परेड के लिए महाविद्यालय के कैडेट्स का चयन हो रहा है।


एनसीसी प्रभारी कैप्टन डॉ. पूरण सिंह गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान सत्र में कुचामन महाविद्यालय की तीन कैडेट्स का आरडीसी के लिए चयन हुआ है। चयन पर कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा एवं महाविद्यालय सचिव शिवकुमार अग्रवाल ने कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं।

चयनित कैडेट प्रियंका चौधरी आरडीसी कैम्प के दौरान कर्त्तव्य पथ पर राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री की उपस्थिति में होने वाली परेड में भाग लेकर महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
वहीं कैडेट दीपा चौहान आरडीसी परेड से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता कर राजस्थान की संस्कृति और कला की झलक प्रस्तुत करेंगी। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री उपस्थित रहेंगे।

इसके साथ ही सेना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली आर्मी परेड जो कि राजस्थान में पहली बार जयपुर में आयोजित की जा रही है। उसमें भी कुचामन महाविद्यालय की कैडेट प्रिया राजपुरोहित भाग लेंगी। यह उपलब्धि महाविद्यालय के साथ-साथ डीडवाना-कुचामन जिले के लिए भी गर्व का विषय है।






