मकराना शहर में गुरुवार तड़के चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए महज आधे घंटे में करीब दो करोड़ रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।


घटना के बाद से पूरे शहर के व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

यह वारदात मकराना के हॉस्पिटल रोड पर स्थित अजमेर ज्वेलर्स शोरूम में हुई। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला है कि सात नकाबपोश बदमाश गुरुवार तड़के करीब 2 बजकर 46 मिनट पर शोरूम में दाखिल हुए और 3 बजकर 16 मिनट तक चोरी कर मौके से फरार हो गए। करीब 30 मिनट तक चोर बेखौफ होकर दुकान के अंदर मौजूद रहे।
पीछे की गली से तोड़ा शटर, ताले काटकर घुसे अंदर
अजमेर ज्वेलर्स का शोरूम कॉर्नर पर बना हुआ है और इसमें तीन शटर लगे हैं। पहले चोरों ने मेन शटर को तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन जब वह नहीं टूटा तो वे पीछे गली की ओर पहुंचे। वहां सरिए से शटर तोड़ा गया। इसके बाद कटर की मदद से जालीदार गेट के तीन ताले काटे गए और अंत में कांच तोड़कर बदमाश शोरूम के अंदर दाखिल हो गए।

प्लास्टिक के कट्टों में भर ले गए जेवर
शोरूम के अंदर घुसते ही चोरों ने सोने और चांदी के आभूषणों को प्लास्टिक के कट्टों में भरना शुरू कर दिया। जानकारी अनुसार चोर करीब 45 किलो चांदी के बर्तन, डिनर सेट, पायजेब और अन्य जेवरात, करीब 150 ग्राम सोने के बाली और झुमके, साथ ही काउंटर में रखे लगभग 10 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब दो करोड़ रुपए बताई जा रही है।
पुलिस व FSL टीम मौके पर, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही मकराना थाने के एएसआई शिवलाल मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच की। इसके बाद डीडवाना से एफएसएल टीम को बुलाया गया। जिसने फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। वहीं साइबर सेल द्वारा सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नेटवर्क की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी को अंजाम देने के बाद बदमाश शोरूम से बाहर निकलकर कोर्ट रोड की दिशा में भागते हुए नजर आए। उनके मूवमेंट आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुए हैं, जिससे पुलिस को आगे की जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
कुचामन सिटी: बिना बहुमत सभापति ने किए प्रस्ताव पारित, कांग्रेस पार्षदों के गंभीर आरोप






