कुचामन सिटी. जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं जिला प्रभारी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि विगत दो वर्षों में राज्य सरकार ने बजट में सभी वर्गों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आगे भी जिले के सर्वांगीण विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रखी जाएगी।


उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने जिले के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया है, जिससे गांव-ढाणी तक गुणवत्तापूर्ण कार्य हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बजट-पूर्व संवाद का उद्देश्य विभिन्न हितधारकों, संगठनों के प्रतिनिधियों और विषय-विशेषज्ञों के सुझावों से ऐसा बजट तैयार करना है। जिससे प्रदेश व जिले में विकास के नए आयाम स्थापित हों और राजस्थान सभी क्षेत्रों में अग्रणी बने।
मंत्री शनिवार को नगर परिषद सभागार, कुचामन में जिले के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बजट-पूर्व संवाद कर रहे थे।


बैठक में प्रतिनिधियों ने कुचामन में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, जिले में पर्यटन स्थलों का विकास, शहर के सौंदर्यकरण हेतु अलग बजट, राजीविका समूहों को सहयोग, मकराना मार्बल को बढ़ावा देने के लिए बजट सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। प्रभारी मंत्री ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि इन्हें आगामी बजट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बजट घोषणाओं की प्रगति, जल जीवन मिशन, विभिन्न विभागों के निर्माण कार्य, आधारभूत संरचना का विकास, पेयजल व्यवस्था तथा लंबित कार्यों के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याण पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने दो वर्षों में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने अधिकारियों से जनकल्याण की भावना के साथ जिले के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
त्वरित व गुणवत्तापूर्ण कार्यों के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि जनहित के कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ प्राथमिकता देकर त्वरित रूप से पूर्ण किया जाए।
बैठक में राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत, पूर्व जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, सुनीता माहेश्वरी, नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया सहित सभी विभागों के अधिकारी व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कुचामन सिटी में श्री प्रताप फाउंडेशन का दो दिवसीय चिंतन शिविर शुरू, विभिन्न मुद्दों पर चर्चाएं






