कुचामन सिटी. जिला प्रशासन द्वारा घुमंतु परिवारों के बच्चों के संवर्धन एवं प्रोत्साहन हेतु गुरुवार को भारतीय पीजी महाविद्यालय, चितावा में स्कूल यूनिफॉर्म एवं स्टेशनरी किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में राजस्व राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी मुख्य अतिथि तथा जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत अध्यक्ष रहे।

इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा भामाशाहों के सहयोग से राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत घुमंतु परिवारों के 160 विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते एवं स्टेशनरी किट वितरित किए गए। साथ ही 18 विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनवाकर मौके पर ही प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त भामाशाहों के सहयोग से 60 जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न नवाचार किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में घुमंतु परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य सराहनीय है। जिससे ये बच्चे शिक्षा प्राप्त कर मुख्यधारा में आ सकेंगे।

जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बताया कि जिला प्रशासन जिलेभर में घुमंतु परिवारों के बच्चों का राजकीय विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहा है। साथ ही आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने के साथ-साथ आवास एवं कृषि कार्य हेतु भूमि उपलब्ध कराने तथा राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सहायता प्रदान करने वाले भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया ने जानकारी दी कि गुरुवार को 11 गांवों के घुमंतु परिवारों के 160 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई तथा 18 विद्यार्थियों के आधार कार्ड बनाए गए।

कार्यक्रम में कुचामन उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह देथा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भंवर लाल खोखर, सरपंच मनोज मेघवाल, महाविद्यालय प्रतिनिधि, भामाशाह गंगा सिंह राजावत, राजेंद्र सिंह राठौड़, अनिल पारीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






