कुचामन सिटी. राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज हरिद्वार से आई योग प्रशिक्षिकाएं प्रांजल देशमुख, श्वेता शर्मा एवं उपासना पांडेय की उपस्थिति में योग और जीवन प्रबंधन से जुड़ा एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को योग का महत्व, बेहतर जीवनशैली अपनाने के तरीके, शारीरिक व मानसिक संतुलन तथा सकारात्मक सोच के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने योगासन, प्राणायाम, ध्यान और अन्य योग अभ्यासों का व्यावहारिक अभ्यास कराते हुए बताया कि नियमित योग करने से व्यक्ति तनाव से दूर रहता है और स्वस्थ व ऊर्जावान जीवन जी सकता है।

इसके साथ ही एक्यूप्रेशर के सामान्य और आसान उपचारों की जानकारी भी दी गई। जिससे रोजमर्रा की छोटी-मोटी शारीरिक समस्याओं में बिना दवा के राहत मिल सकती है। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अभ्यास में भाग लिया और योग विधियों को सीखा।
इस मौके पर शक्तिपीठ कुचामन के व्यवस्थापक भैंरूलाल उपाध्याय ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास और जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। योग और भारतीय जीवन मूल्यों से युवा पीढ़ी को स्वस्थ, संस्कारित और सक्षम बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के सहायक निदेशक योगेंद्र शर्मा ने शांतिकुंज हरिद्वार से आई प्रशिक्षिकाओं एवं शक्तिपीठ कुचामन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से प्रशिक्षणार्थियों को न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का लाभ मिलता है, बल्कि जीवन को सकारात्मक नजरिए से जीने की प्रेरणा भी मिलती है।
कुचामन सिटी: बालाजी विहार कॉलोनी में कल सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन






