डीडवाना-कुचामन. जिला कलक्टर महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर कुचामन सिटी क्षेत्र की ग्राम पंचायत भांवता में सोमवार को लाइब्रेरी का संचालन प्रारंभ कर दिया गया। इससे ग्रामीण विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।


कुचामन सिटी के उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा ने बताया कि ग्राम भांवता में पहले से ही 50 विद्यार्थियों की क्षमता वाला लाइब्रेरी भवन निर्मित था, लेकिन उसमें विद्युत व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के बैठने की सुविधा नहीं होने के कारण भवन बंद पड़ा था। इस समस्या को लेकर ग्राम के विद्यार्थियों ने जिला कलक्टर को अवगत कराया था।

विद्यार्थियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लाइब्रेरी में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना में सोमवार को लाइब्रेरी में विद्युत की सुचारु व्यवस्था की गई तथा विद्यार्थियों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था कर दी गई।
अब लाइब्रेरी के शुरू होने से ग्राम भांवता के विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है और उन्हें अध्ययन के लिए एक उपयुक्त एवं शांत वातावरण मिल सकेगा।







