परबतसर विधानसभा क्षेत्र के पीह गांव में ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्किल पर सोमवार देर रात असामाजिक तत्वों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया।


मंगलवार सुबह ग्रामीण जब रोज की तरह सर्किल क्षेत्र से गुज़र रहे थे तो उन्होंने प्रतिमा का सिर टूटा हुआ देखा। यह देखकर लोगों में रोष फैल गया।

सूचना मिलते ही पीलवा थाना पुलिस तुरंत टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है।
घटना पर नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि “ऐसे संकीर्ण मानसिकता वाले असामाजिक तत्वों का पता लगाकर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने हेतु मैंने SP सहित पुलिस के आला अफसरों को दूरभाष पर निर्देशित किया है।”

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि “भाजपा राज में लगातार महापुरुषों की प्रतिमाओं को खंडित किया जाना प्रदेश की कानून-व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। यह कृत्य न केवल सामाजिक मर्यादा का अपमान है बल्कि शांति और सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश भी है। जिसे किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोरतम कार्रवाई की जाए।”
परबतसर के विधायक रामनिवास गावड़िया ने कहा कि “ऐसे कृत्य न केवल समाज की मर्यादा को ठेस पहुँचाते हैं बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करते हैं। इस मामले को लेकर मैंने प्रशासन से दूरभाष पर चर्चा की है कि दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की जाए। डॉ. भीमराव अंबेडकर हमारे राष्ट्र-निर्माण, संविधान-निर्माण और सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा को नुकसान पहुँचाना पूरे समाज का अपमान है।”
कुचामन का कनोई पार्क बदहाल, कांग्रेस नेताओं ने उठाया मुद्दा; कार्रवाई की मांग






