नावां शहर की जनता कई वर्षों से चिकित्सा सुविधाओं में विस्तार के लिए नए उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण का इंतजार कर रही है।


अब जिला कलक्टर की ओर से नावां से लगभग आठ किलोमीटर दूर ग्राम राजास में उप जिला चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटित की गई है। जो शहर की जनता के हित पर कुठाराघात है। यह सूचना मिलते ही शहर के लोगों में आक्रोश हो गया है।

जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देशन में जिले के विस्तार के साथ-साथ जिले में आवश्यक सुविधाओं के लिए भूमि आवंटन कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला कलक्टर ने शुक्रवार को नावां में उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन के आदेश जारी किए हैं। राजकीय उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण के लिए तहसील नावां के ग्राम राजास में 3.00 हेक्टेयर भूमि का आवंटन जिला कलेक्टर द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को किया गया है।

गत सरकार में शहर के बीच हुई थी भूमि आवंटित :-
गत सरकार के कार्यकाल में पूर्व उपमुख्य सचेतक व नावां विधायक महेंद्र चौधरी की ओर से शहर के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम को उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण हेतु आवंटित किया गया था। इसके साथ ही भवन निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति भी जारी करवा दी गई थी। लेकिन उस समय शहर के भाजपा नेताओं ने इस आवंटन पर न्यायालय से रोक लगवाई। जिसके बाद उप जिला चिकित्सालय का निर्माण रुक गया।
अब शहर से आठ किलोमीटर दूर ले जाने की तैयारी :-
भाजपा के शासन में अब जिला कलक्टर की ओर से उप जिला चिकित्सालय हेतु शहर से आठ किलोमीटर दूर रीको इंडस्ट्रियल एरिया के पास भूमि आवंटित की गई है। यदि वहां चिकित्सालय बनता है तो यह किसी के लिए भी उपयोगी नहीं है। शहर की महिलाएं, बुजुर्ग, विकलांग सहित अन्य लोग कैसे उपचार कराने वहां जा सकेंगे।
2 जनवरी से उप जिला चिकित्सालय भवन हेतु आंदोलन की तैयारी :-
शहरवासियों की ओर से गत कुछ दिनों से उप जिला चिकित्सालय भवन के निर्माण हेतु 02 जनवरी से महाआंदोलन की तैयारी की जा रही है। अब इस भूमि आवंटन ने इस आंदोलन में हवन में घी का काम किया है। अब लोग सड़कों पर उतरकर इस आवंटन को निरस्त करने के साथ ही शहर के अंदर भूमि आवंटित कर भवन निर्माण करवाने की मांग रखेंगे।
कुचामन सिटी: सारी योजनाओं को धरातल पर लागू करने वाले मंत्री पार्टी के बैनर से ही गायब






