कुचामन सिटी. डीडवाना-कुचामन जिले में प्याज किसान मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। किसानों को औद्यानिक खेती के लिए गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने हेतु भव्य किसान मेला आयोजित किया गया, जिसमें कई जिलों के हजारों किसानों ने भाग लिया।


इस मेले का उद्घाटन राजस्व एवं सैनिक कल्याण बोर्ड मंत्री विजय सिंह चौधरी व जिला कलक्टर महेन्द्र खड़गावत ने किया। किसानों को प्याज, लहसुन, संतरा, बाजरा के बीज और ड्रैगन फ्रूट के पौधे वितरित किए गए।

आधुनिक कृषि तकनीक की भव्य प्रदर्शनी
किसान मेले में प्रदर्शनी के रूप में लाखों रुपए मूल्य के ड्रोन, ट्रैक्टर, आधुनिक कृषि यंत्र, लोडिंग टेंपो, स्कूटी, खेती के कार्यों में उपयोग होने वाले रिमोट कंट्रोल रोबोट, सोलर प्लांट से चलने वाले पानी के पंप लगाए गए। इसके साथ ही विभिन्न नामी कंपनियों द्वारा उर्वरक (फर्टिलाइजर), बीज, कीटनाशक एवं कृषि से जुड़े अन्य उत्पादों की प्रदर्शनियां भी लगाई गईं, जिससे किसानों को नई तकनीक और संसाधनों की जानकारी मिल सकी।


खेती को उद्योग बनाएं, बाजार से निर्यात तक सोचें
इसी दौरान राजस्व एवं सैनिक कल्याण बोर्ड मंत्री विजय सिंह चौधरी ने भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि और उद्यान से जुड़ी हुई योजनाओं के बारे में चर्चा की। किसानों को उनकी पसंद एवं प्रजाति के चयन के अनुसार नि:शुल्क बीज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को एक सराहनीय, पारदर्शी एवं लागत कम करने वाला कदम बताते हुए सभी योजनाओं से लाभ लेने की अपील की।
किसानों को खेती को एक उद्योग के रूप में लेते हुए खेती में हो रहे उत्पादन को बाजार में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्यात स्तर तक भेजने तथा उत्पादों का मूल्य संवर्धन करते हुए प्रसंस्करण आधारित उद्योगों को लगाने का भी आह्वान किया।
किसानों से अनुरोध किया कि वे अपनी पसंद का बीज बिना भुगतान किए निजी कंपनी के स्टॉल से क्रय करें और रसीद विभाग को दें, जिससे बीज पर अनुमन्य राज्य सहायता कंपनी को विभाग से दी जा सके।
किसानों को दिन में बिजली, युवाओं को नौकरी – मंत्री विजय सिंह
राजस्व मंत्री ने किसान मेले में संबोधन करते हुए कहा कि जल्द ही आने वाले समय में किसानों को दिन में भी बिजली मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 5 सालों में किसानों के लिए कुछ नहीं किया, जबकि डबल इंजन की सरकार ने उससे ज्यादा 2 साल में किसानों के लिए बहुत कुछ किया है। उन्होंने कहा कि हमारी गारंटी थी युवाओं व बेरोजगारों को सरकारी नौकरी देना, तो पिछले 2 साल में एक लाख से ज्यादा लोगों को नौकरियां दी जा चुकी हैं और आने वाले 3 साल में और भी कई लाख नौकरियां दी जाएंगी।
किसान मेले में लगी आधुनिक कृषि तकनीक व यंत्रों की भव्य प्रदर्शनी – देखें वीडियो






