कुचामन पुलिस ने व्यापारी रमेश रुलानिया हत्याकांड में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता दर्ज की है। पुलिस ने रोहित गोदारा व विरेंद्र चारण गैंग के सक्रिय सदस्य मोहम्मद अफताब को गिरफ्तार कर 19 नवंबर तक पीसी रिमांड पर लिया है।


इससे पहले पुलिस 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया था। अब कुल 14 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार – आरोपी मोहम्मद अफताब (20) पुत्र अब्दुल लतीफ निवासी छाबिल चौराया के पास भवानीनगर (भीलवाड़ा) गैंग के लिए सिम उपलब्ध करवाना, पार्सल पहुंचाना, व रहने की व्यवस्था करना जैसे कार्य करता था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर 19 नवंबर तक पीसी रिमांड प्राप्त किया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि रोहित गोदारा व विरेंद्र चारण विदेश में सेटल कराने का लालच देकर युवाओं को अपने गिरोह में जोड़ते हैं और उनसे हथियार सप्लाई, पैसों का लेन-देन, तथा सिम उपलब्ध कराने जैसे कार्य करवाते हैं।

अब तक की कार्रवाई
7 अक्टूबर को जिम में व्यापारी रमेश रूलानिया की हत्या होने के बाद पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया (RPS) तथा वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी (RPS) के सुपरविजन में, थानाधिकारी सतपाल सिंह की टीम ने तेज कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों सफीक खान, किशनलाल गुर्जर, खुशीराम, दिनेश, रामकेश, रामसिंह और पवन चारण को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद मुख्य आरोपी व ईनामी अपराधी
गणपतल गुर्जर, महेश गुर्जर, धर्मेंद्र उर्फ देवां तथा जुबेर अहमद को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
पुलिस ने आज दो और आरोपियों सुरेंद्र पालावत और राहुल माण्डिया को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया।
कुचामन: व्यापारी हत्याकांड में रोहित गोदारा के सहयोगी दो और आरोपी गिरफ्तार






