कुचामन सिटी. शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर लगाम कसने के लिए नगर परिषद की कार्रवाई जारी है। सोमवार को नगर परिषद की टीम ट्रैक्टर सहित कुचामन के मुख्य बाजारों में पहुंची और कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाया गया।


बता दें कि रविवार को Kuchamadi News ने कुचामन में अतिक्रमण की असली वजह पर एक एक्सक्लूसिव खबर प्रकाशित की थी, जिसमें अवैध पार्किंग, सड़कों पर दुकानदारों के कब्जे और वसूली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया था। उसी खबर का असर आज शहर में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

नगरपरिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया के निर्देश पर एएसआई राजेंद्र के नेतृत्व में टीम ने पुराना बस स्टैंड, सदर बाजार, गोल प्याऊ, सीकर रोड सहित कई इलाकों में कार्रवाई की। इस दौरान दुकानों के सामने खड़ी स्कूटी और बाइक जब्त की गईं और कई दुकानदारों के चालान काटे गए।


टीम ने बालाजी बाजार क्षेत्र में भी पहुंचकर रोड पर किए गए अवैध कब्जे हटाए और ठेलेवालों के खिलाफ कार्रवाई की।
वहीं, सड़क पर अवैध रूप से खड़े ठेले हटवाए और सामान जब्त कर चालान किए गए। नगरपरिषद ने दुकानदारों को चेतावनी भी दी कि यदि आगे से किसी ने सड़कों पर अतिक्रमण किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






