कुचामन सिटी में आने वाले त्यौहारों को देखते हुए शहर की शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को एडिशनल एसपी नेमीचंद खारिया के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।


फ्लैग मार्च कुचामन थाने से शुरू होकर स्टेशन रोड, लुहारिया बास, आथूणा दरवाजा, सदर बाजार, पुरानी धान मंडी, घाटी कुआं, छीपा मोहल्ला, नया शहर, सीकर रोड सहित कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।

इस दौरान पुलिस उपअधीक्षक अरविन्द विश्नोई और थाना प्रभारी सतपाल चौधरी अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहे। रूट मार्च के दौरान पुलिस जाब्ते ने पैदल गश्त की और आमजन को आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
शहर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया
एडिशनल एसपी खारिया सहित अधिकारियों ने मार्च के दौरान शहर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

त्यौहारों को लेकर सतर्कता बढ़ाई
पुलिस प्रशासन ने बताया कि आगामी त्यौहारों – ईद-ए-मिलादुन्नबी, गणेश विसर्जन और नवरात्र आरंभ – को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर
पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कुचामन सिटी: नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार






