कुचामन सिटी रूट से होकर हरियाणा से गुजरात भेजी जाने वाली अवैध शराब की तस्करी अब आम हो गई है। सीकर की DST ने इसी नेटवर्क को पकड़ने के लिए बड़ी कार्रवाई की और हरियाणा से गुजरात की तरफ जा रहे डाक‑पार्सल कंटेनर में भारी मात्रा में शराब बरामद की।


DST इंचार्ज वीरेंद्र यादव ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा से शराब छुपाकर एक कंटेनर भेजा जाएगा। जानकारी मिलने पर DST ने अजीतगढ़ पुलिस के साथ मिलकर त्रिवेणी टोल (धाराजी टेक के पास) पर कंटेनर को रोककर तलाशी ली। तलाशी में कंटेनर में बाजरे के कट्टों के नीचे कुल 393 कार्टन शराब मिली – जिनमें रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, मैकडॉल समेत अन्य ब्रांड की व्हिस्की और शराब की बोतलें शामिल थीं।

पुलिस के अनुसार – जब्त शराब की कुल मात्रा 2,652 लीटर शराब और 516 लीटर बीयर थी, जिसकी कीमत ₹25 लाख से अधिक है। कार्रवाई में DST के कॉन्स्टेबल हरिश भांभू और सुनील की अहम भूमिका रही।
आरोपी ड्राइवर अणदाराम जाट (28) पुत्र मंगलाराम जाट निवासी खरनतिया बायतु‑बालोतरा को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर इन्वेस्टिगेशन शुरू कर दिया गया है। जांच खाटूश्यामजी सदर थाना के SHO कैलाश चंद यादव कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि तस्कर अक्सर अजीतगढ़ होते हुए सीकर – धोद – कुचामन सिटी रूट से गुजरकर गुजरात की ओर शराब ले जाते हैं। इससे पहले भी अजीतगढ़ इलाके में नारियल और फ्रूटी की आड़ में ट्रक पकड़ा गया था और गोकुलपुरा में सीमेंट मिक्सर मशीन में छुपाकर करोड़ों रुपये की अवैध शराब बरामद की गई थी।






