नावां शहर के उपखंड कार्यालय में मंगलवार को कुमावत समाज के लोगों ने उपखंड अधिकारी दिव्या सोनी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर दिनांक 27.08.2025 को अपहृत नाबालिग बालिका को बरामद करवाने एवं मुलजिमान के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करवाने की मांग की।


कुमावत समाज के लोगों ने ज्ञापन में बताया कि 27.08.2025 को कुचामन सिटी के शिव मंदिर के पास खारिया रोड, नुवोडी कोठी की नाबालिग लड़की पास की दुकान से प्रसाद लेने गई। तभी वहां एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट गाड़ी नं. RJ37 CB 5112 में मुलजिम कमल चौधरी पुत्र मोहनराम चौधरी जाति जाट निवासी राधे पब्लिक स्कूल के पास, कुचामन सिटी व दिनेश पुत्र गंगाराम कुमावत निवासी रैगरी कोठी, कुचामन सिटी वाले आए और जबरदस्ती लड़की को पकड़कर गाड़ी में डालकर अपहरण करके ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना घर वालों को प्राप्त होने पर तुरंत एक लिखित रिपोर्ट पुलिस थाना, कुचामन सिटी में समय दिन के करीब 11:30 बजे प्रस्तुत की गई। लगभग 7 घंटे थाने में बैठाए रखा गया और शाम 6:32 बजे सामाजिक दबाव देने पर पुलिस अधिकारी द्वारा प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई। मुलजिम की लोकेशन बराबर पुलिस वालों को देते रहे, तब भी पुलिस ने कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं करके पीड़ित पक्षकार के साथ अन्याय किया है।
उक्त घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को देने के बावजूद भी आज दिन तक अपहृत बालिका को बरामद नहीं किया गया है। प्रथम दृष्टया संबंधित घटना की जानकारी होते हुए भी एवं एफ.आई.आर. दर्ज कराने के बाद अपराधी की सम्पूर्ण जानकारी मय स्थान के साथ थानाधिकारी कुचामन को देने के पश्चात् शिथिलता बरतने की बात सामने आती है, जिसके कारण अपराधी को भागने व छिपने का अवसर मिल गया।

उक्त घटना को 13 दिन पूर्ण हो चुके हैं और स्थानीय प्रशासन की ढिलाई सामने आ रही है। स्थानीय पुलिस उप अधीक्षक व पुलिस वृत्ताधिकारी कुचामन सिटी को भी इस संबंध में वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही के लिए बार-बार कुमावत समाज कुचामन द्वारा निवेदन किया जा चुका है तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीडवाना-कुचामन को भी इस प्रकरण पर आवश्यक कार्यवाही हेतु कुमावत समाज द्वारा निवेदन करने के बावजूद नाबालिग बालिका की बरामदगी नहीं हुई है और न ही अपराधियों को पकड़ा गया है।
लोगों ने मांग करी कि नाबालिग लड़की का अपहरण करने वाले मुलजिमान के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करवाई जाए एवं नाबालिग लड़की को बरामद करवाने के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देशित किया जाए। इसके साथ ही चेतावनी दी कि कुमावत समाज सर्वसमाज को साथ लेकर उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी कुमावत समाज की नहीं होकर प्रशासन की होगी।
कुचामन सिटी में नाबालिग अपहरण मामले को लेकर कुमावत समाज ने किया प्रदर्शन का ऐलान






