कुचामन सिटी. नाबालिग अपहरण मामले को लेकर कुमावत समाज द्वारा पुलिस थाने के सामने दिया जा रहा धरना बुधवार को समाप्त हो गया।


धरने का समापन क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री विजय सिंह चौधरी और डीडवाना कुचामन पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर की मौजूदगी में हुआ।

समाज ने आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त किया। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द ही नाबालिग को बरामद किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही लापरवाही बरतने वाले दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर भी कर दिया गया है।
बता दें कि सुबह शिव मंदिर कुचामन सिटी से कुमावत समाज सहित सर्व समाज के लोग कुचामन सिटी पुलिस थाने का घेराव करने पहुंचे। खबर –कुचामन सिटी: नाबालिग अपहरण मामले में फांसी की मांग के साथ पुलिस थाने का घेराव, कुमावत समाज सड़कों पर उतरा

इसके बाद कांग्रेस से पूर्व उपमुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी, कांग्रेस के कुचामन नगर परिषद सभापति आसिफ खान और उपसभापति हेमराज चावला सहित कई भाजपा और कांग्रेस के नेता धरना स्थल पर मौजूद रहे।
कुछ समय बाद मंत्री विजय सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे। खबर – कुमावत समाज का थाने के सामने चल रहा है प्रदर्शन, जिला कलक्टर और एसपी को धरना स्थल पर बुलाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने डीडवाना-कुचामन के कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग रखी। इसके बाद मंत्री थाने में जाकर बैठ गए और लंबी वार्ताओं का दौर चला।
शाम को पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर पहुँची और आश्वासन देने के साथ दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।






