कुचामन सिटी. कस्बे के व्यस्ततम क्षेत्र पुराना सीकर रोड स्थित विनायक कॉम्प्लेक्स में एक किराना दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए की नकदी और कीमती सामान चुरा लिया।


चोरी की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित व्यापारी ने थाने में रिपोर्ट देकर न्याय की मांग की है।

दरअसल, शिवदानपुरा निवासी विक्रम चौधरी पुत्र बन्नाराम खोखर की कस्बे में विनायक कॉम्प्लेक्स (पुराना सीकर/पिपली बस स्टैंड की ओर) स्थित ‘श्री कृष्णा डिपार्टमेंटल स्टोर’ नामक किराना दुकान है। उन्होंने बताया कि 6 अगस्त की रात करीब 9 बजे वे दुकान का शटर बंद कर घर लौट गए थे।
7 अगस्त को सूर्योदय से पहले करीब 4:10 बजे के आसपास अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर गैरकानूनी तरीके से भीतर प्रवेश किया और दुकान में रखी करीब 2.5 लाख रुपए की नकदी एवं केसर भरी 50 डिब्बियां सहित अन्य कीमती किराना सामान चुरा लिया।
व्यापारी ने बताया कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी है, जिसके जरिए चोरों की पहचान संभव है। चोरी की जानकारी उन्हें आज सुबह दुकान खोलने पर हुई।


पुलिस कार्रवाई – पीड़ित ने पुलिस थाना कुचामन सिटी में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यापारी ने मांग की है कि चोरों की पहचान कर उन्हें सजा दिलाई जाए और चोरी गया सामान बरामद किया जाए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
सीसीटीवी में कैद हुई महिला चोर, कुचामन सिटी में ज्वेलरी की दुकान को बनाया निशाना
कुचामन सिटी में चोरी की वारदात से सनसनी, दिनदहाड़े ज्वेलरी की दुकान से एक तोला सोना पार






