कुचामन सिटी पुलिस ने संगठित साइबर अपराध सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।


इनके कब्जे से ₹2,30,000 नगद, 11 एटीएम कार्ड, 1 चेकबुक, 1 कियोस्क कार्ड, 3 बैंक पासबुक और 8 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचन्द खारिया (आरपीएस) और वृताधिकारी अरविन्द विश्नोई (आरपीएस) के सुपरविजन में गठित टीम द्वारा की गई।
बूड़सू चौराहा से तीन युवक गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार 12 अगस्त 2025 को हैड कांस्टेबल रामदेव पूरी मय जाप्ता गश्त के दौरान बूड़सू चौराहा स्थित बालाजी होटल के पास पहुंचे। यहां मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक ऑनलाइन ठगी का काम कर रहे हैं। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां तीन युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे मिले। पुलिस को देखते ही उन्होंने अपने मोबाइल छिपाने का प्रयास किया।

तलाशी में मिला साइबर ठगी का बड़ा सबूत
तलाशी लेने पर भारी मात्रा में ठगी से जुड़े मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक और नकदी बरामद हुई। बैंक खातों की जांच में एक खाते में ₹39,70,000 और दूसरे में ₹2,24,92,319 के संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाए गए।
गिरफ्तार आरोपी – गिरफ्तार आरोपियों में हरेन्द्र गोदारा पुत्र गिरधारीराम (उम्र 19 वर्ष निवासी ईटावा थाना गच्छीपुरा), मनीष मुवाल पुत्र हरदीनाराम (उम्र 24 वर्ष निवासी बूड़सू थाना मकराना) और सुनिल प्रजापत पुत्र राजूराम (उम्र 20 वर्ष निवासी धनकोली थाना मौलासर) शामिल हैं।
इनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद दवे को सौंपा गया है।
कमीशन पर काम करने वाला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार – पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे कमीशन के आधार पर साइबर ठगों के लिए काम करते थे। ये लोग बाजार से कम दर पर नकदी में USDT (ऑनलाइन बैलेंस) खरीदते और उसे अधिक दाम में बेचते थे। ठगी की रकम साइबर ठग इनके खातों में डलवाते थे, जिसे आरोपी तुरंत एटीएम से निकालकर गिरोह के सरगना को सौंप देते थे। बदले में उन्हें निश्चित कमीशन मिलता था।
खाते और कार्ड का दुरुपयोग न होने दें – एसपी
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक या मोबाइल वॉलेट का उपयोग न करने दें और कमीशन के लालच में अपने खाते का लेन-देन किसी को सौंपने से बचें।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य कानूनन अपराध हैं और पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यदि किसी संदिग्ध लेन-देन, साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी की जानकारी मिले तो नज़दीकी पुलिस थाने को सूचित करें या जिला साइबर हेल्पलाइन 9530413387 पर संपर्क करें।
कुचामन सिटी: क्रिप्टो रोटेशन में फंसे युवक पर 92 लाख रुपए का कर्ज, आरोपियों ने अपहरण कर दी यातनाएं






