शहर के मुख्य बाजारों से निकली शोभायात्रा
कुचामनसिटी। शहर में गोगा नवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। गोगा नवमी के मौके पर लोक देवता गोगा जी का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।


गोगानवमी के मौके पर रविवार को सुबह घरों में गोगा जी का पूजन कर उन्हें भोग लगाया गया।


इस अवसर पर शहर की वाल्मीकि बस्ती से निशान का गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला गया। करीब एक क्विंटल से भी ज्यादा भारी और 25 फीट लंबे इस ध्वज निशान को बड़े ही जोश और श्रद्धा भाव से अपनी कमर पर बांधकर पूरे शहर में घुमाया जाता है। यह आस्था का एक अनूठा तरीका भी कुचामन शहर में देखा जाता है, जो ध्वज निशान लोगों का आस्था का प्रतीक भी माना जाता है।


यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई व सर्व ब्राह्मण समाज सहित जगह जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जुलूस का पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया।
इस दौरान जुलूस में शामिल युवा डीजे की धुनों पर थिरकते रहे और गोगाजी के नारों से आकाश को गुंजायमान करते रहे। जुलूस में प्रत्येक निशान के साथ डीजे की धुनों पर लोग श्रद्धा और भक्ति के ओत-प्रोत होकर नाचते चल रहे थे।






