कुचामन पुलिस को रमेश रूलानिया हत्याकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में अहम भूमिका निभाने वाले 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ जीतू चारण को दिल्ली पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने बताया कि जीतू चारण ने इस हत्याकांड में गैंगस्टर वीरेंद्र चारण और हत्या करने वाले शूटरों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। उसने ही शूटर्स को हत्या का आदेश दिया था और उन्हें वारदात के लिए हथियार उपलब्ध करवाए थे। इसी कारण उस पर 25 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था। वर्तमान में जीतू चारण दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में है, जिसे कुचामन लाने की प्रक्रिया जारी है।

इससे पहले कल पुलिस ने इस हत्या में सहयोग करने वाले दो आरोपियों — सुरेन्द्र पालावत और राहुल माण्डिया — की गिरफ्तारी का खुलासा किया था। दोनों ने मुख्य आरोपियों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया था।
खबर – कुचामन: व्यापारी हत्याकांड में रोहित गोदारा के सहयोगी दो और आरोपी गिरफ्तार

अब तक इस मामले में पुलिस 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए आरोपियों में हत्या के मुख्य आरोपी गणपत, महेश, धर्मेंद्र और जुबेर को कोर्ट जेल भेज चुकी है। वहीं, सफीक खान और हत्या की सुपारी लेने वाले पवन चारण सहित कुल 7 आरोपी भी जेल में हैं।
हालांकि इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने वाले रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण अभी भी फरार हैं और विदेशों में छिपे हुए बताए जा रहे हैं।
अब पुलिस का अगला निशाना वीरेंद्र चारण या रोहित गोदारा में से किसी एक को पकड़ना होगा, क्योंकि दोनों ही वर्तमान में डीडवाना-कुचामन समेत राजस्थान के कई इलाकों में व्यापारियों को धमकियां दे रहे हैं।
इन गैंगस्टरों के नाम से फिरौती मांगे जाने की शिकायतें और एफआईआर दर्ज हो रही हैं। इसलिए पुलिस के लिए इन दोनों को गिरफ्तार करना बेहद जरूरी हो गया है।






