कुचामन बार एसोसिएशन के तत्वावधान में राजकीय खेल मैदान में कुचामन बार संघ एवं न्यायिक कर्मचारियों के मध्य न्याय मित्र क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।


प्रतियोगिता का शुभारंभ विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट दुष्यंत गुर्जर ने टॉस उछालकर तथा पहली गेंद खेलकर किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यायिक ज्वाला टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 144 रन बनाए। टीम की ओर से अधिवक्ता ओमेंद्र सिंह ने सर्वाधिक योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तूफानी अधिवक्ता टीम ने 2 गेंद शेष रहते 145 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से शोएब ने सर्वाधिक रन बनाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई।
विजेताओं का किया सम्मान
उपविजेता टीम के कप्तान ओमेंद्र सिंह को वरिष्ठ अधिवक्ता अयूब अली तथा मैन ऑफ द मैच रहे शोएब को मुश्ताक खां ने ट्रॉफी भेंट की। वहीं विजेता टीम के कप्तान राजेंद्र कुमावत को वरिष्ठ अधिवक्ता ओमप्रकाश पारीक, बार संघ अध्यक्ष दिनेश सिंह एवं भंवराराम ल्योरा ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

आयोजन में सहयोग के लिए अधिवक्ता राजेश गुर्जर, श्याम सुंदर चौधरी, भंवराराम ल्योरा, हजारीलाल कुमावत, ओमप्रकाश पारीक, मुरलीधर जोशी, सुधीर कौशिक एवं रमेश चौधरी का अभिभाषक संघ की ओर से बार अध्यक्ष दिनेश सिंह ने आभार व्यक्त किया।
अधिवक्ताओं एवं न्यायिक कर्मचारियों के बीच आयोजित इस क्रिकेट मैच में अधिवक्ता बोदूराम चौधरी ने अपनी ओजस्वी वाणी से कमेंट्री कर मैच को रोचक बनाया जबकि अंपायरिंग की जिम्मेदारी अधिवक्ता अयूब अली ने निभाई।






