कुचामन सिटी. कोर्ट मैरिज से संबंधित वर्तमान कानूनी व्यवस्था की समीक्षा एवं आवश्यक संशोधन की मांग को लेकर भगत सिंह यूथ ब्रिगेड एवं विश्व जाट महासभा के तत्वावधान में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।


अभियान के तहत गांव-गांव एवं शहर-शहर जाकर सर्व समाज के लोगों से हस्ताक्षर करवाए जाएंगे तथा राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।

भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष एवं विश्व जाट महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष परसाराम बुगालिया ने बताया कि विवाह भारतीय संस्कृति में केवल दो व्यक्तियों का नहीं बल्कि दो परिवारों और सामाजिक मूल्यों का पवित्र बंधन है। वर्तमान समय में कोर्ट मैरिज से संबंधित कानूनी व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारों पर विचार किया जाना चाहिए, ताकि सामाजिक समरसता और पारिवारिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
कुचामन सिटी: अतिक्रमण पर नगर परिषद का एक्शन, पुराने बस स्टैंड से हटाए ठेले

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं नागरिक संगठनों से संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाएगा। राष्ट्रपति के नाम भेजे जाने वाले ज्ञापन में संसद के माध्यम से कोर्ट मैरिज संबंधी कानून की समीक्षा, आवश्यक संशोधन के लिए विधेयक लाने, संयुक्त संसदीय अथवा विशेष समिति के गठन, विवाह पंजीकरण से पूर्व प्रभावी सत्यापन व्यवस्था तथा परिवार की सहभागिता जैसे विषयों पर विचार करने की मांग की जाएगी।
बुगालिया ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य किसी भी बालिग नागरिक के संवैधानिक एवं वैधानिक अधिकारों का विरोध करना नहीं है बल्कि कानून की समीक्षा और आवश्यक सुधारों के संबंध में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनजागरण अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस विषय से जोड़कर व्यापक जनसमर्थन प्राप्त किया जाएगा।
डीडवाना-कुचामन जिले में एसपी ने किया बड़ा फेरबदल, 14 थानाधिकारियों के तबादले






