कुचामन सिटी. श्री दिगंबर जैन नागौरी मंदिर ट्रस्ट एवं सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय भव्य वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव का प्रथम दिवस शनिवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।


इस पावन अवसर पर प्रातःकाल श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया। तत्पश्चात् श्रीजी की भव्य रथयात्रा एवं घटयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई।


रथयात्रा में श्रद्धालु भक्तिभाव से जयघोष करते हुए सम्मिलित हुए, जिससे संपूर्ण वातावरण धर्ममय हो उठा। रथयात्रा पुरानी धान मंडी से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए महावीर भवन परिसर में संपन्न हुई।

रथयात्रा के उपरांत वैदिक प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाजजनों ने धर्मध्वजा को नमन कर जिनशासन की उन्नति एवं विश्व मंगल की कामना की।
इसके पश्चात् प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए मंडप उद्घाटन का मंगल आयोजन संपन्न हुआ। तत्पश्चात् मंडप में ऐलकश्री क्षीरसागर महाराज का मंगल प्रवचन एवं यागमंडल विधान के लिए पात्रों का चयन हुआ।
इसके बाद ऐलकश्री क्षीरसागर महाराज, अमित भैया (इंदौर) एवं अमित शास्त्री (जबलपुर) के सानिध्य में भव्य यागमंडल विधान का आयोजन संपन्न हुआ।
तत्पश्चात् संगीतमय महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रथम दिवस के सभी धार्मिक कार्यक्रम अत्यंत भक्ति, अनुशासन एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। महोत्सव में कुचामन सहित आसपास के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में साधर्मी बंधुओं ने उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस रविवार को होंगे मुख्य एवं नवीन वेदियों में मूलनायक एवं श्रीजी विराजमान
कार्यक्रम के द्वितीय दिवस रविवार को श्री दिगंबर जैन नागौरी मंदिरजी में दैनिक अभिषेक एवं शांतिधारा के पश्चात् हवन एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन होगा। तत्पश्चात् मंदिर की नवनिर्मित एवं मुख्य वेदियों में मूलनायक भगवान एवं श्रीजी विराजमान का कार्यक्रम अत्यंत धार्मिक वातावरण में संपन्न होगा।
कुचामन सिटी: गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण को लेकर रविवार को होगी बैठक






