कुचामन सिटी के नए बस स्टैंड पर बुटाटी-सीकर-जयपुर रूट पर चलने वाली बसों के संचालकों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को लेकर आज तनाव की स्थिति बन गई।


सूचना मिलने पर कुचामन सिटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और कानून-व्यवस्था बनाए रखी।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो बसें, तीन स्कॉर्पियो और एक कैंपर वाहन जब्त किए। साथ ही रूट विवाद के मामले में दो आरोपियों रामेश्वर लाल विश्नोई निवासी पोलास (मेड़ता रोड) तथा नंद सिंह निवासी जालसू कलां (डेगाना) को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विमल सिंह नेहरा के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र खदाव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, बस संचालकों के बीच रूट को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार को नए बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में वाहन और लोग एकत्र हो गए थे, जिससे झगड़े की आशंका थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समय रहते कार्रवाई कर विवाद को बढ़ने से रोक दिया।






