नावां शहर के वार्ड संख्या 11 स्थित श्री पीपली वाले बालाजी मंदिर में गुरुवार को पांच दिवसीय वार्षिक मेला महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ।


कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण, ध्वज पूजन और भगवान गणेश की आराधना के साथ की गई। इसके बाद रमेश गौड़ ने सपत्निक बालाजी महाराज का पंचामृत से महाभिषेक किया।


महाभिषेक के दौरान समिति अध्यक्ष अभिषेक गौड़, सचिव अरुण कुमार जोशी, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, अनिल सोनी, कोषाध्यक्ष विनोद मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक हितेश सोनी, सोनू टेलर, प्रतीक गहलोत, नटवर शर्मा सहित समिति सदस्यों और युवाओं ने भी पूजा-अर्चना कर अभिषेक में भाग लिया। पंडित हेमंत शर्मा के सान्निध्य में वैदिक मंत्रों के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए गए।

अभिषेक के बाद बालाजी महाराज का आकर्षक श्रृंगार किया गया। दोपहर सवा बारह बजे सामूहिक आरती आयोजित हुई। आरती से पूर्व स्थानीय कलाकार हितेश सोनी, प्रदीप गौतम, सूर्यप्रकाश गौड़ व अन्य भजन गायकों ने भक्ति प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने “पवन सुत विनती बारंबार”, “करते हो तुम कन्हैया मेरा नाम हो रहा है” सहित कई भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल भक्तिमय बना दिया। इसके साथ श्रीराम जय राम जय जय राम.. का सामूहिक कीर्तन भी हुआ। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मेला महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें बाल कलाकार नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। वहीं शनिवार रात भजन संध्या आयोजित की जाएगी। कोषाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथि एवं स्थानीय कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
नावां में जिला प्रभारी मंत्री का दौरा, पगल्या वाले बाबा धाम में किया श्रमदान व पौधारोपण






