कुचामन कस्बे में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है।


कार्यक्रम स्थल पुराने बस स्टेण्ड पर नगर परिषद द्वारा सड़क निर्माण के नाम पर खुदाई किए जाने से मैदान की स्थिति खराब हो गई है। जिससे आयोजन में व्यवधान की स्थिति बन गई है।

स्थानीय प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद ने जानबूझकर समय पर काम पूरा नहीं किया और राजनीतिक दबाव में आकर कार्यक्रम को प्रभावित करने की कोशिश की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार – संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती की पूर्व संध्या पर क्षेत्रीय अम्बेडकरवादी संगठनों की ओर से कुचामन कस्बे के पुराने बस स्टेण्ड पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन लगभग 2 महीने पहले से प्रस्तावित था।

इसके उपरान्त स्थानीय नगर परिषद द्वारा इसी स्थान पर सड़क बनाने के नाम पर पूरे बस स्टेण्ड की खुदाई किए जाने से जगह-जगह गड्ढे बन जाने के कारण बस स्टेण्ड का मैदान उबड़-खाबड़ स्थिति में है।
कई जगह होटलों का गंदा पानी भी इसी मैदान में फैला हुआ है, जिससे जयंती कार्यक्रमों के संचालन को लेकर संशय के बादल मंडरा रहे हैं।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुतेन्द्र सारस्वत ने बताया कि नगर परिषद को उक्त सड़क बनानी ही थी तो 10-15 दिन पहले या बाद में बना सकते थे।
उन्होंने कहा – इस संबंध में ज्ञात हुआ है कि अम्बेडकर विकास समिति के अध्यक्ष हेमराज चावला एवं संरक्षक जगदीश प्रसाद रॉय सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस बाबत नगर परिषद के प्रशासक, क्षेत्रीय उपखण्ड अधिकारी व नगर परिषद आयुक्त से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उक्त सड़क कार्य को जयंती कार्यक्रमों से पूर्व पूर्ण किए जाने का आग्रह किया था।
लेकिन नगर परिषद के अधिकारी कुछ राजनीतिक लोगों के दबाव के चलते असहयोग कर कार्यक्रम में व्यवधान पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, जो कि खेदजनक है।
भारत विकास परिषद कुचामन शाखा की नई कार्यकारिणी का गठन, ओमप्रकाश सेन बने अध्यक्ष






