नावां शहर में नमक रिफाइनरी में युवक की संदिग्ध मौत के बाद हाईवे पर लगा जाम आखिरकार पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद करीब 7 घंटे 30 मिनट बाद खुलवाया गया। लंबे समय तक चले इस जाम से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।


प्रार्थी रामनारायण गुर्जर निवासी त्योद (तहसील सांभर-फुलेरा, जिला जयपुर ग्रामीण) ने पुलिस थाना नावां में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका भतीजा सूरज गुर्जर जो गोविन्दी स्थित मालचन्द दीनदयाल साल्ट प्रा.लि. में रात्रि पारी (08:00 पीएम से 08:00 एएम) में काम करता था। रोज सुबह घर लौट आता था।

परंतु 17 मार्च की रात ड्यूटी पर जाने के बाद 18 मार्च को वह घर नहीं लौटा। फोन करने पर संपर्क नहीं हुआ तो परिजन फैक्ट्री पहुंचे।
आरोप है कि फैक्ट्री गेट पहले नहीं खोला गया और गाली-गलौच की गई। बाद में भीड़ इकट्ठी होने पर गेट खोला गया। जहां सूरज अचेत अवस्था में मिला, उसके सिर व कान पर चोट के निशान थे और पैर टूटा हुआ था।
परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन के लोगों द्वारा युवक को गाड़ी में डालकर ले जाया गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस फैक्ट्री ले आए। घटना की सच्चाई जानने के लिए जब परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, तो उन्हें मना कर दिया गया। इससे परिजनों ने हत्या का संदेह जताया है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया था। जिसे पुलिस प्रशासन और अधिकारियों की समझाइश के बाद करीब साढ़े सात घंटे बाद हटवाया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
कुचामन सिटी: पैसे देने के बाद भी RSRTC ने नहीं दिया बस पास, अब 50 हजार हर्जाने की मांग






