कुचामन सिटी. महिलाओं का प्रमुख पर्व गणगौर महोत्सव इस वर्ष 21 मार्च 2026 (शनिवार) को तथा बोलावनी 22 मार्च 2026 को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस संबंध में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।


यशस्वी राजवंश द्वारा प्रदत्त यह पारंपरिक धरोहर महोत्सव पिछले कई वर्षों से श्री सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

समिति के मंत्री सुशील काबरा ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ईशर-गणगौर की शाही सवारी घोड़े, ऊंट, बैंड-बाजे, राजसी लवाजमे, कच्छी घोड़ी और ढोल-नगाड़ों के साथ 21 मार्च को शाम 4 बजे कुचामन किले से महाआरती के पश्चात नगर भ्रमण के लिए रवाना होगी, जो शाम 7:15 बजे पुनः किले में प्रवेश करेगी।
इस वर्ष महोत्सव के मुख्य अतिथि जिला प्रमुख अजमेर भंवर सिंह पलाड़ा एवं सुशील कंवर पलाड़ा होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी करेंगे।

वहीं 22 मार्च को शाम 4:30 बजे बोलावनी की शोभायात्रा कुचामन किले से रवाना होकर पुराने बस स्टैंड होते हुए शाम 7:15 बजे पुनः किले में पहुंचेगी। शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए आतिशबाजी और विशेष लवाजमे की व्यवस्था की गई है।
सेवा समिति द्वारा सभी सामाजिक संस्थाओं, संगठनों, महिला मंडलों और समाज के लोगों को निमंत्रण पत्र भेजकर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अध्यक्ष उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष नंदलाल मोर, उपमंत्री श्रीकंवर सर्राफ, कोषाध्यक्ष रामावतार गोयल, दलपति अशोक मोर, उपदलपति नानजी जोशी सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य अलग-अलग टीमों में कार्य कर तैयारियों में जुटे हुए हैं।
कुचामन सिटी: लव-कुश वाटिका में NSS स्वयंसेवकों का श्रमदान, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा






