कुचामन सिटी. नशे में बिजली सप्लाई बंद कराने के आरोप में निलंबित किए गए कनिष्ठ अभियंता बलवीर सिंह भदाला के समर्थन में विद्युत विभाग डीडवाना-कुचामन के कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर उन्हें बहाल करने की मांग की है।



बता दें कि एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें बलवीर सिंह भदाला और उनके साथ दो अन्य लोग नशे की हालत में नजर आ रहे थे। आरोप है कि नेताजी होटल में जाने के बाद खाने में देरी होने पर होटल कर्मचारियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई तथा इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाने का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद कनिष्ठ अभियंता बलवीर सिंह भदाला को निलंबित कर दिया गया था।
खबर – कुचामन सिटी: खाने में देरी पर जेईएन ने पूरे इलाके की लाइट कटवाई, होटल कर्मियों से की धक्का-मुक्की

ज्ञापन में कहा – होटल संचालक ने की थी मारपीट
अब विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए लिखा है कि मारपीट कनिष्ठ अभियंता और उनके साथियों के साथ होटल संचालक रामनिवास सैनी द्वारा अपने होटल स्टाफ व अन्य लोगों के साथ मिलकर की गई। वहीं मीडिया द्वारा बिना किसी स्पष्ट जानकारी के खबर प्रकाशित कर पत्रकारिता का प्रभाव दिखाते हुए निगम व अभियंता की छवि धूमिल की गई है।
कर्मचारियों ने अधिशाषी अभियंता से मांग की है कि कनिष्ठ अभियंता बलवीर सिंह भदाला को तुरंत बहाल कर वापस सहायक अभियंता (ग्रामीण) कुचामन सिटी में लगाया जाए। इसके अलावा मारपीट व लूट कर दुर्व्यवहार करने वाले होटल संचालक व होटल स्टाफ के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और पूरे प्रकरण की निगम स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की गई है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो श्रमिक यूनियन द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही निष्पक्ष जांच होने तक निगम कर्मचारियों द्वारा कार्य का बहिष्कार किया गया है।
वहीं मदन लाल नाम के व्यक्ति ने अधिशाषी अभियंता को पत्र लिखते हुए बताया कि उनकी कॉलोनी जो टैगोर स्कूल के सामने स्थित है। वहां डंपर खाली करवाते समय बिजली की तार के टच होने की स्थिति बन गई थी। इस पर उन्होंने कनिष्ठ अभियंता बलवीर सिंह भदाला को कॉल कर लाइन बंद करने का आग्रह किया। जिसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से बिजली सप्लाई बंद की गई थी।
कुचामन सिटी: शीतलामाता मंदिर में 10 मार्च को रान्दा-पोया व भजन संध्या, 11 मार्च से बासेड़ा का मेला






