डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने आज मकराना और जुसरी क्षेत्र का सघन दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत ढांचे और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जमीनी निरीक्षण किया।


इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, जल संरक्षण और शिक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मकराना-मंगलाना रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का अवलोकन करते हुए जिला कलक्टर ने सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल प्रभाव से भारी वाहनों के प्रवेश को वर्जित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित उच्च अधिकारियों से संपर्क कर पुल की शीघ्र मरम्मत करवाने तथा निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूर्ण करने के लिए कार्यदायी संस्था को पाबंद किया।
शहर के ऐतिहासिक झालरिया तालाब का निरीक्षण करते हुए कलक्टर ने जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए तालाब की गहराई बढ़ाकर जल संचयन क्षमता में वृद्धि करने के निर्देश नगर परिषद को दिए। उन्होंने कहा कि तालाब के कायाकल्प में आमजन का सहयोग लिया जाए और क्षेत्र को पूर्णतः अतिक्रमण मुक्त रखा जाए।


जुसरी स्कूल में बने शिक्षक, छात्रों का बढ़ाया हौसला
ग्राम जुसरी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर एक शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही चार मेधावी विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कलक्टर ने मिड-डे मील की गुणवत्ता तथा विद्यालय के भौतिक संसाधनों का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया, मकराना तहसीलदार कृष्णा शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कुचामन सिटी: बार काउंसिल चुनाव को लेकर भुवनेश शर्मा ने जनसंपर्क कर समर्थन मांगा






