कुचामन सिटी. राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर परिषद कुचामन सिटी के सभागार में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत द्वारा की गई।


कार्यक्रम में राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी एवं जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बालिकाओं से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि बेटियाँ हमारे समाज का गौरव हैं। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान चलाकर बालिकाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बालिकाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जिला प्रशासन बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को बेटों के समान अवसर प्रदान करें, ताकि वे भविष्य में घर, परिवार और देश का नाम रोशन कर सकें। इस दौरान जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत ने छात्राओं से संवाद कर उनके सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी रुचि लेनी चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनीता महेश्वरी ने कहा कि बेटियाँ वरदान हैं, हमारा अभिमान हैं और राष्ट्र की पहचान हैं।
इन आयोजनों का उद्देश्य एक ऐसा समाज बनाना है। जहाँ हर बालिका बिना किसी डर और भेदभाव के अपने सपनों को पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बालिकाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएँ शुरू की गई हैं। जो बालिकाओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं।

प्रतिभाओं का सम्मान, राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन
इस अवसर पर शिक्षा, खेल सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 25 बालिकाओं एवं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाली 17 शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला अधिकारिता विभाग के अधिकारियों द्वारा ‘बेटी बचाओ’ एवं ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई गई तथा बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी किया गया।

इस अवसर पर नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर डीडवाना मोहनलाल खटनावलिया, कुचामन एसडीएम विश्वामित्र मीणा, महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक जयप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कुचामन सिटी: हेड कांस्टेबल से ASI बने मुनीर खान, एसपी ने स्टार लगाकर दी बधाई






