कुचामन सिटी. समाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्थान तथा भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विशाल दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर के दूसरे दिवस कुल 624 दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।


शिविर में व्यवस्था सहयोगी के रूप में महावीर इंटरनेशनल कुचामन सहित अनेक समाजसेवी सक्रिय रहे।

शिविर का शुभारम्भ दूसरे दिन दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर शिविर प्रभारी सुभाष पहाड़िया, अध्यक्ष रामावतार गोयल, सम्पत बगड़िया, सुरेन्द्र सिंह दीपपुरा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
संस्था सचिव अजित पहाड़िया एवं अशोक अजमेरा ने बताया कि राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल 81, व्हील चेयर 53, बैसाखी 21, कृत्रिम हाथ 15, जयपुर फुट 25, केलीपर 60, ब्लाइंड स्टिक 5, स्टिक 80, वॉकर 4 तथा कान की मशीन 280 सहित अन्य आवश्यक उपकरण वितरित किए गए।

शिविर संयोजक नन्दकिशोर बिडसर, कमल गौड़ व सुरेश गंगवाल ने बताया कि “गोदी में आए, चलकर गए” की भावना के साथ सभी दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों के लिए भोजन व जलपान की समुचित व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन 21 जनवरी को भी बारात भवन (बसंतकुमार बिड़ला कल्याण मण्डपम), नली का बालाजी में जारी रहेगा, जिसमें अधिक से अधिक दिव्यांग भाई-बहन लाभ उठा सकते हैं।
शिविर के दौरान अनेक भामाशाहों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अवलोकन कर संस्था के सेवा कार्यों की सराहना की। संपर्क संस्थान एवं टैगोर मूकबधिर विद्यालय के 65 बच्चों को कान की मशीन प्रदान की गई।

साथ ही श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन 75 दिव्यांगों का रजिस्ट्रेशन किया गया। समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं पालनहार योजना, पेंशन, पेंशन सत्यापन, मुख्यमंत्री बाल संबल योजना व मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में भी कई दिव्यांगों के आवेदन एवं चिन्हिकरण किए गए, जो शिविर की विशेष उपलब्धि रही।
शिविर में संस्था के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों ने निःस्वार्थ सेवाएं दीं। अंत में शिविर प्रभारी सुभाष पहाड़िया ने सभी सदस्यों, भामाशाहों, चिकित्सीय टीम, समाज कल्याण विभाग, पत्रकार बंधुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।
कुचामन सिटी: मंगलपुरा में विद्युत लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, 23 जनवरी को होनी थी शादी






