कुचामन सिटी. जिलिया कस्बे के निकटवर्ती गांव मंगलपुरा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में खेत की बाड़ करते समय विद्युत लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार मंगलपुरा निवासी प्रकाश चंद पुत्र नेमाराम कुड़ी मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अपने खेत में बाड़ लगाने का कार्य कर रहा था। तभी वह अचानक ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसा होते देख परिजन तत्काल उसे कुचामन चिकित्सालय लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताओं के तहत शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक प्रकाश चंद की शादी आगामी 23 जनवरी को होनी थी। इतना ही नहीं, उसी दिन परिवार में उसके एक भाई और एक बहिन की शादी भी तय थी।

शादी को लेकर घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं और कुछ रिश्तेदारों का आगमन भी शुरू हो चुका था। लेकिन इस अचानक हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
कुचामन सिटी: टोरडा धाम स्थित श्री वीर हनुमान मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक आयोजन






