कुचामन सिटी. राजस्थान सरकार द्वारा शहरी क्षेत्र के श्रमिकों को आर्थिक सम्बल प्रदान करने हेतु चलाई गई मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत चलाया गया पौधारोपण अभियान उल्लेखनीय सफलता बनकर सामने आया है।


नगर परिषद कुचामन सिटी में मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत विशेष निगरानी में किए गए इस अभियान का उद्देश्य शहर को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाना था, जिसे प्रभावी योजना और टीमवर्क की बदौलत साकार किया गया।

नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि यह प्रयास आने वाले वर्षों में कुचामन शहर की हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगा।
इस मिशन में कनिष्ठ तकनीकी सहायक/कनिष्ठ अभियंता रायसिंह मीणा एवं कनिष्ठ तकनीकी सहायक वरुण जाग्रत, लेखा सहायक हरीश जांगिड़ तथा एम.आई.एस. ताराचंद कुमावत एवं अफशा खान, शहरी रोजगार सहायक अनिता रानी चौधरी का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।


शहर के विभिन्न स्थलों पर हरियाली की बुनियाद
शहर के न्यू फायर स्टेशन, मेघवाल समाज श्मशान, कुमावत समाज श्मशान, शाकंभरी माता मंदिर परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर नीम, बरगद, पीपल, करंज, गुलेर, कनेर, शीशम और अमलतास सहित लगभग 40 प्रकार की स्थानीय एवं छायादार पौध प्रजातियों का रोपण किया गया, जो आने वाले वर्षों में कुचामन की हरियाली को नई पहचान देंगे।
पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल के लिए नगर परिषद द्वारा ड्रिप सिस्टम, टैंकर से सिंचाई तथा सुरक्षा घेराबंदी जैसी व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित की गई हैं।
मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के माध्यम से न केवल शहर में हरियाली बढ़ी है, बल्कि स्थानीय श्रमिकों को रोजगार के अवसर भी मिले हैं, जिससे यह अभियान पर्यावरणीय, सामाजिक एवं आर्थिक तीनों दृष्टियों से लाभकारी सिद्ध हुआ है।
नगर परिषद आयुक्त का कहना है कि यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में और भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। जिससे कुचामन सिटी को ग्रीन सिटी के रूप में विकसित किया जा सके।
कुचामन सिटी: उगरपुरा विद्यालय में BIS मानक क्लब की पहल, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित






