डीडवाना कुचामन पुलिस ने राहुल गांधी का वह ट्वीट रिपोस्ट किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि बीजेपी ने हरियाणा में चुनाव चुराया।


आज नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी ने हरियाणा में बीजेपी सरकार पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान लगाए गए आरोपों से जुड़ा ट्वीट राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) अकाउंट से शेयर किया। वही ट्वीट डीडवाना कुचामन पुलिस के आधिकारिक X अकाउंट से रिपोस्ट किया गया।

अब यह ट्वीट चर्चा का विषय इसलिए बना है क्योंकि इसमें लिखा है कि भारत के चुनाव आयोग (EC) और केंद्र व राजस्थान की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने मिलकर हरियाणा में चुनाव चुराया है। यही ट्वीट जब पुलिस विभाग के आधिकारिक अकाउंट से रिपोस्ट हुआ, तो सवाल उठने लगे — क्योंकि इसमें वर्तमान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
दरअसल, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अभी से करीब चार घंटे पहले एक ट्वीट X पर शेयर किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था —

“वोट चोरी से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार चोरी की गई है — और इसका ब्लैक एंड व्हाइट सबूत आपके सामने हैं।
ब्राज़ील की एक मॉडल हरियाणा की वोटर लिस्ट में 10 बूथों पर 22 वोट — अलग-अलग नामों से।
एक ही फोटो के साथ 223 वोट एक बूथ में, हर बार नाम नया।
एक ही घर में 501 वोटर दर्ज — वो घर जो सिर्फ कागजों पर है।
पूरे राज्य में 1,24,177 फर्जी तस्वीरों वाले वोटर।
हज़ारों लोग ऐसे हैं जिनके वोट हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों जगह दर्ज हैं — जिनमें कई BJP के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
दो मंज़िला पुराने मकान, कोई ‘फुटपाथ या खंभा’ नहीं, फिर भी ‘मकान संख्या 0’।
मानना पड़ेगा — ‘व्यवस्था’ सच में टाइट थी, और यह साफ है कि EC और BJP ने मिलकर हरियाणा का चुनाव चुराया है।
मैं हिंदुस्तान के युवाओं, देश के Gen-Z से आग्रह करता हूं — सत्य और अहिंसा का हाथ थामकर चलें और भारी संख्या में निकलकर मतदान करें।
वोट चोरी को हराने और लोकतंत्र की रक्षा करने का यही सबसे बड़ा हथियार है।”

इस ट्वीट के कुछ ही समय बाद वही पोस्ट डीडवाना कुचामन पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आधिकारिक X अकाउंट से भी रिपोस्ट किया गया। इसमें वर्तमान सरकार के खिलाफ गंभीर आरोपों के चलते मामला सुर्खियों में आ गया।
वहीं, बीजेपी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि “राहुल ने जो प्रेजेंटेशन दिया, वह फर्जी था।”

ट्वीट रिपोस्ट क्यों किया जाता है?
लोग किसी ट्वीट को कई कारणों से रिपोस्ट करते हैं — कभी किसी विचार या भावना से सहमति जताने के लिए, तो कभी किसी महत्वपूर्ण जानकारी या खबर को आगे फैलाने के लिए। कुछ लोग ट्वीट इसलिए रिपोस्ट करते हैं क्योंकि उन्हें वह दिलचस्प, मज़ेदार या भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ लगता है, जबकि कुछ इसे अपने रिश्ते या नेटवर्क मजबूत करने का जरिया मानते हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय दिखने या एल्गोरिदम में अधिक पहुँच पाने के लिए भी कई यूज़र रणनीतिक रूप से रिपोस्ट करते हैं। कभी-कभी रिपोस्ट का उद्देश्य सिर्फ व्यंग्य या मज़ाक करना भी होता है।






