कुचामन शहर में व्यापारी रमेश रुलानिया की हत्या के मामले में पुलिस ने रोहित गोदारा और विरेन्द्र चारण गैंग से जुड़े मुख्य गुर्गे जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू चारण और उसके सहयोगी रविन्द्र सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया तथा वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।

सोमवार को दिल्ली पुलिस आरोपी जीतू चारण को राजस्थान लेकर आई थी, जिसके बाद कुचामन पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।
इससे पहले इस प्रकरण में 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को भी निरूद्ध किया गया था।

17 नवंबर को कोर्ट में पेशी, पुलिस रिमाण्ड 23 नवंबर तक
जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू चारण को 17 नवंबर 2025 को दिल्ली पुलिस द्वारा नांवा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कुचामन पुलिस ने उसे अनुसंधान हेतु प्राप्त किया।
18 नवंबर को एसीजेएम कोर्ट में पेश कर 23 नवंबर 2025 तक पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया। इसी दिन उसके सहयोगी रविन्द्र सिंह को भी गिरफ्तार किया गया और न्यायालय से 23 नवंबर तक रिमाण्ड प्राप्त किया गया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जितेन्द्र सिंह ने हत्या को अंजाम देने के लिए हथियार और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई थी। हत्या को अंजाम देने में जिन हथियारों का उपयोग हुआ, वे अभी बरामद नहीं हुए हैं। मुख्य आरोपी जीतू चारण से पूछताछ जारी है, और पुलिस को इस पूछताछ में महत्त्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
हत्या के बाद एक-एक कर पकड़ में आए आरोपी
7 अक्टूबर को व्यापारी रमेश रुलानिया की हत्या के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले षड्यंत्र में शामिल सफीक खान, किशनलाल गुर्जर, खुशीराम, दिनेश, रामकेश, रामसिंह और पवन चारण को 10 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा।
इसके बाद मुख्य इनामी अपराधी गणपत गुर्जर, महेश गुर्जर, धर्मेन्द्र उर्फ देवा और जुबेर अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। आगे की कार्रवाई में आरोपी सुरेन्द्र पालावत और राहुल माण्डिया को भी न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया, जबकि गैंग का सक्रिय सदस्य मोहम्मद अफताब भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
कुचामन: दिल्ली पुलिस ने जीतू चारण को राजस्थान पुलिस को सौंपा, कल होगा कोर्ट में पेश
कुचामन: व्यापारी हत्याकांड केस में रोहित गोदारा गैंग का सदस्य गिरफ्तार, 19 नवंबर तक रिमांड पर






