कुचामन सिटी. शहर में अतिक्रमण पर लगाम लगाने के लिए शुक्रवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।


शहर में कई स्थानों पर ठेले रास्तों पर खड़े रहते हैं, जिससे आमजन को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, विशेषकर बड़े वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न होती है।


इसी समस्या को देखते हुए आज नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया के निर्देश पर नगर परिषद एएसआई राजेंद्र गोयर के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान में जमादार रमेश, जमादार गोविंद, जमादार विनोद, अनिल, विकास, विक्रम, अजय, दिनेश मुंशी, राम, नवरत्न, जगमोहन, रवि आदि कर्मचारियों ने भाग लिया। टीम ने शहर के मुख्य रोड, पुराना बस स्टैंड, सदर बाजार और गोल प्याऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाया।

शुरुआत में फल-सब्जी विक्रेताओं और अन्य अस्थायी दुकानदारों को समझाइश दी गई, लेकिन चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण जारी रहने पर दो ट्रैक्टरों में सामान जब्त कर कार्रवाई की गई।
इस दौरान नगर परिषद की टीम के साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे, ताकि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था या हिंसा की संभावना को रोका जा सके।
नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान स्वयं हटा लें और शहर में अतिक्रमण न करें, अन्यथा चालान काटा जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कुचामन सिटी: मेगाहाईवे पर अवैध होर्डिंग्स हटाने के नगरपरिषद आयुक्त ने दिए निर्देश
कुचामन सिटी: सेंट्रल बैंक की गली में टूटी सड़क से बढ़ा हादसों का खतरा






