कुचामन में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब शहर के जाने-माने व्यापारी और होंडा बाइक एजेंसी संचालक रमेश रुलानिया पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।


गोली लगने से रुलानिया गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल है। विरोधस्वरूप कुचामन के बाजार बंद रहे और स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।


जानकारी के अनुसार – 7 अक्टूबर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे रमेश रुलानिया रोजाना की तरह जिम जा रहे थे। उसी दौरान एक लक्ज़री SUV गाड़ी में सवार हमलावर मौके पर पहुंचे।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक – सुबह करीब 6 बजे एक युवक पिस्तौल लेकर जिम में प्रवेश करता है। आरोपी ने सफेद गमछा लपेट रखा था और टोपी वाली जैकेट-पायजामा पहने हुए था। जिम के अंदर पहुंचते ही उसने रमेश रुलानिया पर फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

एक गोली रुलानिया के कंधे के पास लगकर शरीर में धंस गई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत कुचामन हॉस्पिटल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश के बाद मृत घोषित कर दिया।
हमलावर फायरिंग के तुरंत बाद SUV में बैठकर फरार हो गए। घटना के बाद रुलानिया की चीखें सुनकर जिम में मौजूद लोग घबरा गए, वहीं सूचना मिलते ही शहर के प्रमुख व्यापारी और स्थानीय लोग हॉस्पिटल में उमड़ पड़े।
फिरौती की धमकी के बाद हुई वारदात
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से कुचामन के व्यापारियों को रोहित गोदारा गैंग की ओर से फिरौती और जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इसी सिलसिले में पुलिस को भी शिकायतें दी गई थीं। इसके बावजूद कुचामन पुलिस प्रशासन ने उनकी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। रुलानिया का होंडा बाइक शोरूम कुचामन थाने के ठीक बगल में स्थित है, और शोरूम के ऊपर ही उनका निवास है, इसके बावजूद उन्हें कोई पुलिस सुरक्षा नहीं दी गई। आज की फायरिंग को उसी गैंग की कार्रवाई माना जा रहा है।
कुचामन न्यूज़: रोहित गोदारा- अब तू 20 करोड़ भी देगा, तो अपनी जान नहीं बचा सकता
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की तस्वीरें सामने आईं
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी मुंह पर गमछा बांधे जिम में घुसता और फायरिंग कर बाहर भागते हुए नजर आ रहा है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य मंत्री विजयसिंह चौधरी, एसपी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, साथ ही जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने शहर में अतिरिक्त जाप्ता तैनात कर दिया है और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है।
शहर में तनाव, भारी पुलिस जाब्ता तैनात
व्यापारी समुदाय में आक्रोश व्याप्त है। हॉस्पिटल और आसपास के इलाकों में सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए शहर के मुख्य बाजारों और चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया है।
कुचामन में भाजपा नेता और मोटरसाइकिल शोरूम मालिक पर फायरिंग, मौत






