नावां. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर नावां में रविवार को लगभग दो हजार स्वयंसेवकों द्वारा द्विधारा पथ संचलन किया जाएगा।


डीडवाना-कुचामन जिले के जिला बौद्धिक प्रभारी तेजराज बंजारा ने बताया कि इस पथ संचलन को लेकर 4 सितंबर को सैनी समाज भवन में हुई बैठक में निर्णय लिया गया। इसके पश्चात शहर की चार बस्तियों में बैठकें कर तैयारियां शुरू की गईं। पथ संचलन को लेकर लोगों से घर-घर जाकर संपर्क किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों को लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है।

शहर के जोगियों के आसन स्थित राधा कृष्ण मंदिर से माधव धारा पथ संचलन तथा गंगा सागर रोड पर गोविंद मारवाल के मकान से केशव धारा पथ संचलन रविवार को शाम 4 बजे रवाना होंगे।
दोनों धाराओं के पथ संचलन का अलग-अलग मार्ग रहेगा, जिनका संगम शहर के पुराने बस स्टैंड पर महालक्ष्मी होटल के सामने होगा। यह शहर के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहेगा, जब द्विधारा पथ संचलन का संगम पहली बार नावां में होगा।

रविवार को अनुशासन और उत्साह के साथ हजारों स्वयंसेवक पथ संचलन में भाग लेंगे। शहर के विभिन्न समाजों के महिला मंडल का भी समर्थन मिला है, जो मार्ग में रंगोली बनाएंगे और पुष्प वर्षा करेंगे। इसके साथ ही निजी विद्यालयों के संचालकों ने भी पुष्प वर्षा करने सहित अन्य सहयोग देने की सहमति दी है।
जगतगुरू श्रीजी महाराज का मिलेगा आशीर्वाद:
रविवार को द्विधारा पथ संचलन में निंबार्क पीठ के पीठाधीश्वर जगतगुरू श्याम शरण देवाचार्य श्रीजी महाराज का भी आगमन होगा महाराजश्री का आशीर्वाद लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित समापन कार्यक्रम में सभी को मिलेगा।
इसके साथ ही संघ के प्रांत बौद्धिक प्रभारी शंभूसिंह मुख्य वक्ता रहेंगे। कार्यक्रम में पथ संचलन में भाग लेने वाले स्वयंसेवक नावां नगर के ही रहेंगे। जिला पर्यावरण दायित्व ओमप्रकाश सोनी ने भी पथ संचलन को लेकर जानकारी दी।
नावां: कलक्टर के निर्देश पर दीपावली त्यौहार के मद्देनजर खाद्य विभाग ने लिए नमूने






