नावां: डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर 6 अक्टूबर 2025 से 19 अक्टूबर 2025 तक जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरेंद्र चौधरी ने बताया कि दिवाली के त्यौहार के नजदीक होने पर आमजन में खाद्य पदार्थ एवं मिठाईयां की खपत बढ़ जाती है, जिला कलक्टर डॉ खड़गावत के निर्देश पर खाद्य निर्माण इकाइयों प्रोसेसिंग यूनिट थोक विक्रेताओं और वितरक फर्मो से दूध एवं दूध से निर्मित मिठाइयां, मावा, घी, तेल और नमकीन एवं मसाले के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि गुरुवार को अभियान के तहत नावां में स्थित मारोठ कस्बे में मुकेश दूध डेयरी से भैंस का दूध, बाल किशन डेयरी से गाय का दूध एवं चिलिंग सेंटर से दूध के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला अजमेर में जांच हेतु भिजवाए गए, रिपोर्ट आने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत नियम अनुसार कार्यवाही की जाएगी।

कारवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि दिवाली त्यौहार के मद्देनजर सभी खाद्य कारोबारकर्ता को खाद्य सामग्री उच्च क्वालिटी, पैकेजिंग दिनांक एवं उपयोग दिनांक तथा खाद्य पदार्थों को ढक कर रखें एवं साफ सफाई एवं अपने खाद्य लाइसेंस को अपने प्रतिष्ठान पर लगा कर रखने को कहा गया।
उक्त कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल एवं सहायक कर्मचारी राजू राम उपस्थित रहे।






